धनौरी में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत में 25 वर्षीय युवक की मौत, चालक फरार

रुड़की । धनौरी में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय स्कूटी सवार युवक की जान चली गई। एनआईसी कॉलेज के पास सामने से आ रहे ट्रक और स्कूटी की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, दौलतपुर निवासी अनुज शनिवार सुबह स्कूटी से कहीं जा रहा था। इसी दौरान जब वह धनोरी स्थित एनआईसी कॉलेज के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अनुज गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कलियर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, दुर्घटना के बाद फरार हुए ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है।

कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मृतक की पहचान दौलतपुर निवासी अनुज के रूप में हुई है। ट्रक के नंबर के आधार पर उसके मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *