थर्ड कंपनी के विरोध में नगर निगम के सफाई कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरनाशुरू, अधिकारियों से हुई वार्ता
रुड़की । नगर निगम रुड़की में सफाई कर्मचारियों और कूड़ा वाहन चालकों को थर्ड पार्टी कंपनी के माध्यम से काम पर रखने के प्रस्ताव के विरोध में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं।कर्मचारियों के धरने पर बैठने के बाद नगर निगम के अधिकारी उन्हें मनाने और वार्ता के जरिए समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं।देवभूमि निकाय संयुक्त कर्मचारी महासंघ (भारतीय मजदूर संघ उत्तराखंड) के बैनर तले कर्मचारियों ने नगर आयुक्त और मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखी थीं।
कर्मचारियों का कहना है कि नगर निगम में वर्षों से कार्य कर रहे सफाई कर्मचारियों और कूड़ा वाहन चालकों को नियमित किया जाए और उन्हें थर्ड पार्टी कंपनी के अधीन न किया जाए।ज्ञापन में बताया गया है कि नगर निगम बोर्ड की बैठक में 3 मार्च 2025 को स्वच्छता समिति/आउटसोर्सिंग कूड़ा वाहन चालकों को पक्का करने और लगभग तीस हजार रुपये मासिक वेतन देने का प्रस्ताव पारित किया गया था,बावजूद इसके कर्मचारियों को थर्ड पार्टी कंपनी के माध्यम से काम कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है,जिसका कर्मचारी संगठन विरोध कर रहा है।कर्मचारियों की मांग है कि 2003 से 2024 तक कार्य कर रहे सभी सफाई कर्मचारियों को नियमित किया जाए और उन्हें तीस हजार रुपये मासिक वेतन दिया जाए,इसके साथ ही मृतक कर्मचारियों के परिजनों को नियमानुसार नौकरी और पेंशन दी जाए तथा जिन कर्मचारियों को कार्य से हटाया गया है उन्हें पुनः काम पर रखा जाए।
कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता,तब तक धरना जारी रहेगा,वहीं नगर निगम के अधिकारी कर्मचारियों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य बनाने की कोशिश में जुटे हुए हैं,उधर पूर्व मेयर गौरव गोयल ने भी नगर निगम के सफाई कर्मियों द्वारा दिए जा रहे धरने पर पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुना तथा उनकी मांगों को उचित ठहराते हुए समस्याओं पर शीघ्र ध्यान दिए जाने की बात कही।उन्होंने कहा कि नगर में सफाई व्यवस्था ठप्प होने से पूरे नगर क्षेत्र में कूड़े और गंदगी के देर लग गए हैं तथा सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

