बुग्गावाला की नादिया उफान पर, खेतों का कटाव तेज, गांवों पर मंडराने लगा खतरा
बुग्गावाला। पहाड़ी क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बाद मोहंड्रा, सुकरो, चिल्लावाली और रायघाटी नदियों का जलस्तर रविवार को तेजी से बढ़ गया। नदियों के तेज बहाव से नदी किनारे स्थित खेतों में बड़े पैमाने पर कटाव हो रहा है, जिससे किसानों की उपजाऊ भूमि नदी में समाती जा रही है। हालात को देखते हुए आसपास के गांवों के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीण शहजाद, अरविंद मालो, मुन्नीलाल, मुंतजीर, ज़ाहिद समेत अन्य लोगों ने बताया कि नदी का तेज बहाव लगातार खेतों को काटता हुआ गांवों की ओर बढ़ रहा है। कई किसानों की फसलें और कृषि भूमि प्रभावित हो रही हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जलस्तर में जल्द कमी नहीं आई तो कटाव और तेज हो सकता है तथा गांवों तक खतरा पहुंच सकता है। किसानों के खेतों तक पहुंचने में भी परेशानी हो रही है। वहीं नदी किनारे बसे परिवार रातभर जागकर हालात पर नजर रखे हुए हैं। पशुपालकों के सामने भी मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की चुनौती खड़ी हो गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि संवेदनशील क्षेत्रों का तत्काल निरीक्षण कराया जाए, कटाव रोकने के लिए सुरक्षा कार्य शुरू किए जाएं तथा प्रभावित किसानों की फसलों और भूमि के नुकसान का सर्वे कराकर शीघ्र मुआवजा दिया जाए। साथ ही बाढ़ जैसी संभावित स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव टीमों को अलर्ट मोड पर रखा जाए।






























