उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन ने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष को सौंपा मांगपत्र, कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की उठाई मांग
हरिद्वार । उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन (एनआरएमयू) हरिद्वार इकाई की ओर से मंडल सचिव धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार को कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों के संबंध में एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर यूनियन पदाधिकारियों ने रेलवे कर्मचारियों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में यूनियन ने रेलवे कर्मचारियों के ग्रुप इंश्योरेंस स्कीम के अंतर्गत वर्तमान में वेतन से की जा रही ₹30 की कटौती को अत्यंत कम बताते हुए बीमा राशि बढ़ाने अथवा किसी अन्य प्रभावी बीमा कंपनी से योजना को जोड़ने की मांग की, जिससे कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को अधिक लाभ प्राप्त हो सके।
यूनियन ने रेलवे में दिव्यांग कर्मचारियों के लिए 4 प्रतिशत आरक्षण का लाभ पदोन्नति में भी सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई। ज्ञापन में कहा गया कि न्यायालय के निर्देशों के बावजूद पदोन्नति में दिव्यांग कर्मचारियों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिस पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
इसके अतिरिक्त प्रशासनिक त्रुटियों के कारण कर्मचारियों के वेतन अथवा अन्य देयकों से की जाने वाली कटौतियों तथा सेवानिवृत्ति के समय बड़ी धनराशि की रिकवरी पर भी यूनियन ने चिंता व्यक्त की। यूनियन ने मांग की कि कर्मचारियों को अनावश्यक आर्थिक नुकसान से बचाने के लिए स्पष्ट एवं न्यायसंगत व्यवस्था लागू की जाए।
ज्ञापन में अनुकंपा नियुक्ति के मामलों में पारदर्शिता लाने तथा पात्र आश्रितों को उनकी योग्यता के अनुरूप नियुक्ति प्रदान करने की मांग भी की गई। वहीं योगनगरी ऋषिकेश स्टेशन एवं उत्तराखंड रेलखंड में कार्यरत कर्मचारियों के लिए रेलवे आवास एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
यूनियन ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को रेल सुविधा पास जारी करने में आ रही तकनीकी समस्याओं के समाधान तथा पूर्व की भांति मैनुअल पास जारी करने की व्यवस्था बहाल करने का अनुरोध किया। इसके अलावा विभिन्न विभागों में बाह्य स्रोतों से की जा रही भर्तियों पर भी कर्मचारियों की नाराजगी का उल्लेख करते हुए लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने की मांग रखी गई।
ज्ञापन में कर्मचारियों के कार्यों के डिजिटलीकरण के बीच निरीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को टैबलेट अथवा लैपटॉप उपलब्ध कराने की मांग भी शामिल रही।
अंत में मंडल सचिव धर्मवीर सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष प्रियंद्र पाल, आकाश कुमार मोहम्मद मसरूफ खान, रवि थापा सभी ने कहा कि यूनियन को विश्वास है कि रेलवे बोर्ड अध्यक्ष कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेंगे। यूनियन ने उत्तराखंड आगमन पर रेलवे बोर्ड अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कर्मचारियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की अपेक्षा व्यक्त की।


