ऋषिकेश एम्स में भर्ती कुख्यात विनय त्यागी की उपचार के दौरान मौत, बदमाशों ने मारी थी गोली

देहरादून । ऋषिकेश एम्स में भर्ती कुख्यात विनय त्यागी की उपचार के दौरान आज घटना के तीसरे दिन मौत हो गई। उसका ट्रॉमा सेंटर मे उपचार चल रहा था। पुलिस अभिरक्षा में कोर्ट में पेशी पर जाते समय बदमाशों ने पुलिस के वाहन पर फायरिंग की थी। इस दौरान विनय त्यागी के सीने, हाथ और गले में गोली लगी थी। एम्स के पीआरओ श्रीलॉय मोहंती ने विनय त्यागी की मौत की पुष्टि की है।

वारदात बुधवार की दोपहर करीब एक बजे लक्सर-हरिद्वार हाईवे पर ओवर ब्रिज की थी। रुड़की कारागार में बंद मेरठ निवासी कुख्यात बदमाश विनय त्यागी की धोखाधड़ी के एक मामले में लक्सर एसीजेएम कोर्ट में पेशी थी। कारागार से चालक सहित छह पुलिसकर्मी सरकारी टाटा सूमो वाहन में उसे पेशी पर लक्सर लेकर आ रहे थे। इस दौरान जब वह फ्लाई ओवर के मध्य पहुंचे तो यहां जाम के दौरान सामने वाहन होने के कारण उन्हें वाहन को रोकना पड़ा। इसी दौरान यहां पहले से घात लगाकर मौजूद दो बाइक पर सवार नकाबपोश बदमाशों ने पुलिस के वाहन पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दी। वाहन में मौजूद विनय त्यागी को तीन गोलियां लगी, वह वाहन में ही गिर गया जबकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। हालांकि दो पुलिसकर्मियों को चोट आई। इससे पहले की कोई कुछ समझ पाता बदमाश भीड़ के बीच हथियार लहराते हुए मौके से भाग निकले। घायल अवस्था में विनय त्यागी को लक्सर सीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कड़ी सुरक्षा में घायल बदमाश को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *