रेप के आरोपी को वीआईपी ट्रीटमेंट देने से भड़के लोग, थाने के बाहर की नारेबाजी, पुलिस वाहन का रास्ता रोका

देहरादून । अंकिता हत्याकांड के बाद अल्मोड़ा तहसील के डांडा कांडा में नाबालिग छात्रा से शर्मनाक घटना सामने आने के बाद लोगों में खासा आक्रोश है। नाबालिग से दुराचार के प्रयास के आरोपी एवी प्रेमनाथ को रेगुलर पुलिस के गिरफ्तार कर रानीखेत कोतवाली लाने की भनक लगते ही क्षेत्र के तमाम युवा कोतवाली में पहुंच गए। युवाओं ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। इस दौरान छेड़खानी के आरोपी को कोतवाली में कुर्सी में बैठाने पर युवाओं का गुस्सा और भड़क गया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से गंभीर अपराध के आरोपी को वीआईटी ट्रीटमेंट देने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आखिर किसके संरक्षण में गंभीर आरोपी को वीआईपी ट्रीटमेंट पुलिस दे रही है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को जमीन पर बैठाया। इधर, औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दिन में आरोपी प्रेमनाथ को पुख्ता सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश करने के लिए जैसे ही पुलिस कोतवाली से निकली, तो प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को ले जा रहे वाहन का रास्ता रोकने का भी प्रयास किया। युवाओं ने नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोपी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सख्त से सख्त सजा देने की मांग की। कोतवाल नासिर हुसैन सहित पुलिस बल ने कड़ी मशक्कत से वाहन को रवाना किया। इस मौके पर भतरौंजखान महाविद्यालय की पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अंकिता पडलिया पंत, कांग्रेस के विधानसभा क्षेत्र महासचिव अंकित रावत, उपाध्यक्ष हिमांशु आर्या, भाजयुमो के शुभम साह, हेमंत अधिकारी, संजय ठाकुर, नितिन डैनी सहित तमाम युवा मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *