रुड़की में दो करोड़ की हेरोइन के साथ पंजाब का तस्कर गिरफ्तार, रुड़की पुलिस को अंडरपास के पास सड़क किनारे खड़ी कार में बैठे संदिग्ध युवक से पूछताछ करने पर मिली सफलता
रुड़की। जनपद हरिद्वार पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे खड़ी एक कार से 980 ग्राम हेरोइन बरामद की है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने पंजाब के तरणतारण निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
मामले का खुलासा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि जनपदभर में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली गंगनहर पुलिस ने लाठरदेवा अंडरपास के पास सड़क किनारे खड़ी एक कार में बैठे संदिग्ध युवक को देखा। पुलिस टीम को देखकर वह भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड में पन्नी में रखी 980 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान गुरविन्दर सिंह (38) पुत्र दलवीर सिंह, निवासी ग्राम नारली, थाना खालड़ा, जिला तरणतारण (पंजाब) के रूप में हुई। बरामदगी के आधार पर कोतवाली गंगनहर में मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह पंजाब से किसी नशा तस्कर से हेरोइन खरीदकर रुड़की में बेचने के उद्देश्य से लाया था। पुलिस अब इस मामले में हेरोइन की सप्लाई चेन और खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


