खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस ने सरसों के तेल की फैक्ट्री में मारा छापा, नामी ब्रांड का तेल बिना लाइसेंस के हो रहा था सप्लाई, भारी मात्रा में सरसों का तेल बरामद

देहरादून । iपटेलनगर थाना पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इंडस्ट्रीयल क्षेत्र में छापा मारकर बिना लाइसेंस चल रही सरसों के तेल की फैक्ट्री पकड़ी। संचालक पर रिपैकिंग का लाइसेंस है। वह नामी ब्रांड का तेल बिना लाइसेंस के सप्लाई कर रहा था। मौके से भारी मात्रा में सरसों का तेल भी बरामद हुआ है। यहां पर रिफाइंड ऑयल भी भरा हुआ था। इंस्पेक्टर प्रदीप राणा ने बताया कि इंडस्ट्रीयल एरिया पटेलनगर में मानकों के विरुद्ध सरसों के तेल की फैक्ट्री संचालित होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस ने शगुन एग्रो ऑयल देहराखास में छापा मारा। यहां पर दो लोडरों में भारी मात्रा में सरसों के तेल के टिन भरे हुए थे। दोनों लोडरों से 120 टिन (15-15 लीटर) जब्त किए गए। इनमें 39 टिन पर कोई लेबल नहीं लगा था। 71 टिन अलग-अलग ब्रांड के थे। फैक्ट्री के मालिक को बुलाकर कागज चेक किए गए। वह रिपैकिंग (दोबारा पैकिंग) का लाइसेंस दिखा पाया। इसके अलावा वहां पर न तो कोई शुद्धता जांचने की मशीन थी और न ही अन्य कोई लाइसेंस। मौके पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को भी बुला लिया गया। सभी तेलों के सैंपल भरकर रुद्रपुर लैब भिजवाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *