भगवानपुर विधायक ममता राकेश ने सदन में उठाई ट्रांसपोर्ट नगर और ड्रेनेज प्लान लागू करने की मांग, कहा स्थानीय लोगों के साथ यात्रियों को भी उठानी पड़ रही हैं परेशानी

भगवानपुर । विधायक ममता राकेश ने सदन में औद्योगिक क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट नगर और ड्रेनेज सिस्टम प्लान की मांग उठाई है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि विधान सभा क्षेत्र भगवानपुर में ट्रांसपोर्ट नगर के अभाव में सड़कों पर ही फैक्ट्रियों में आने वाले ट्रक खड़े हो रहे हैं, जिसके चलते स्कूली बसों से लेकर ड्यूटी जाने वाले लोगों और अन्य राज्यों से आने वाले यात्रियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जनपद हरिद्वार में लगभग 400 औद्योगिक इकाईया स्थापित है जहां पर दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल गुजरात समेत कई राज्यों से हर दिन सैकड़ों की संख्या में मालवाहक ट्रकों का गमन होता है जो कि शहर और अन्य स्थानों में खड़े रहते हैं, जिससे आए दिन सड़कों पर जाम लगा रहता है। जनपद हरिद्वार में प्रत्येक माह लाखों श्रद्धालु पर्वो के अवसरों गंगा स्नान एवं यात्रा सीजन में चारधाम यात्रा हेतु गुजरते हैं उनका आवागमन भी औद्योगिक इकाईयों के रास्ते से होता है परन्तु औद्योगिक इकाईयों के आसपास तथा शहरों में सड़कों पर मालवाहक ट्रक खड़े होने के कारण जाम की स्थिति पैदा हो जाती है एवं स्थानीय जनता के साथ ही यात्रियों को भी अत्यधिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी प्रकार औद्योगिक क्षेत्र भगवानपुर में मुख्यमंत्री की घोषणा संख्या 759/2017 (संशोधित) के उपरान्त भी आज की तिथि तक भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र के जल निकासी योजना की डी०पी०आर० जो कि कुल तीन चरणों में है तथा उक्त योजना की कुल लागत रू० 12265.51 लाख की भी आज की तिथि तक अधर में लटकी हुई है, जो कि अत्यन्त खेदजनक है। कहा कि सरकार विधान सभा क्षेत्र भगवानपुर में ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण कराये जाने के साथ ही भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र के जल निकासी योजना का कार्य भी तत्काल आरम्भ कराए। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के साथ ही अन्य राज्यों से आने वाले यात्रियों को भी परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *