रौ नदी के तेज बहाव के चलते बीच में बने टापू में फंसे चाचा-भतीजे को बचाया, लौट रहे थे खेत से वापस

भगवानपुर । बुग्गावाला क्षेत्र के गांव तेलपुरा के समीप मोहन्नड रौ में बारिश के तेज बहाव में फंसे ग्रामीण और उसके चार साल के भतीजे को बाढ़ चौकी प्रभारी ने पुलिस के साथ सकुशल बाहर निकाल लिया। शनिवार दोपहर तेलपूरा गांव के आबिद अपने चार वर्षीय भतीजे सलमान के साथ खेत गया हुआ था। खेत से वापस लौटते समय मोहन्नड रौ नदी के तेज बहाव के चलते बीच में बने टापू में वह फंस गए। नदी के तेज बहाव में दोनों को फंसा देख ग्रामीणों ने मामले की जानकारी बाढ़ चौकी तेलपुरा को दी। सूचना मिलते ही बाढ़ चौकी प्रभारी आशू गिरी और रविकांत ने मौके पर पहुंचे। बुग्गावाला पुलिस के साथ मिलकर काफी मशक्कत के बाद रस्सी के सहारे टापू पर फंसे चाचा-भतीजे को बाहर निकाला और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। तेलपूरा बाढ़ चौकी प्रभारी आशू गिरी ने बताया कि नदी में बने टापू पर फंसे दोनों चाचा-भतीजे को बाहर निकाल कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। साथ ही उन्होंने लोगों से बरसात के मौसम में सतर्क रहने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *