कलियर के हद्दीपुर गाँव में सड़क हादसा, बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार दो व्यक्तियों को कुचला, मौके पर दोनों की मौत

कलियर । शनिवार को हद्दीपुर गाँव में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। बजरी से भरी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार इन दोनों व्यक्तियों को रौंद दिया, जिससे यह भीषण हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है और आक्रोशित ग्रामीणों ने शवों को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया है।

मृतकों की पहचान इब्राहिमपुर निवासी 52 वर्षीय मटरू और 60 वर्षीय चंद्र प्रधान के रूप में हुई है।​पुलिस के अनुसार, दोनों व्यक्ति हद्दीपुर से अपने गांव इब्राहिमपुर लौट रहे थे। जैसे ही वे हद्दीपुर के पास पहुँचे, सामने से आ रही अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की खबर मिलते ही इब्राहिमपुर गांव के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। अपने साथियों की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने तत्काल सड़क पर शवों को रखकर जाम लगा दिया। उन्होंने पुलिस को शव उठाने से साफ इनकार कर दिया और ट्रैक्टर चालक की तत्काल गिरफ्तारी और प्रशासन से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।​सड़क जाम होने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है।

ग्रामीण ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।घटना की सूचना पर सीओ रुड़की, थानाध्यक्ष पिरान कलियर, और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है। पुलिस ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही है, लेकिन आक्रोशित लोग लगातार हंगामा कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *