रुड़की: बहुउद्देशीय शिविर में 12 जनवरी को होगा समस्याओं का समाधान, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने अपने तीन साल के कार्यकाल की गिनाईं उपलब्धियां

रुड़की।  जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह उर्फ किरण चौधरी ने गुरुवार को जिला पंचायत गेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता में अपने तीन साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। बताया कि 12 जनवरी को ढंडेरा में बहुद्देशीय शिविर में सभी 28 विभागों के अधिकारी लोगों की समस्याएं सुनकर उनका समाधान करेंगे। उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में यह शिविर लगाया जाएगा। ग्रामीण जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, बल्कि मौके पर ही शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

पत्रकार वार्ता में अध्यक्ष ने अपने कार्यकाल के प्रमुख कार्यों का लेखा-जोखा रखते हुए बताया कि सामाजिक न्याय एवं आस्था: जनपद के अधिकांश रविदास मंदिरों और अंबेडकर पार्कों का जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण कार्य पूर्ण किया गया है। साथ ही अन्य प्रमुख मंदिरों के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

​बुनियादी सुविधाएं: जिले की अधिकांश राजस्व ग्राम सभाओं में श्मशान घाटों पर शेड एवं वहां तक पहुंचने के लिए सुगम रास्तों का निर्माण कराया गया।

​स्वच्छता प्रबंधन: ग्राम हद्दीवाला (मजाहिदपुर/सतीवाला) में अत्याधुनिक कूड़ा निस्तारण संयंत्र की स्थापना की गई।

​कांवड़ सेवा: प्रतिवर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों के लिए जिला पंचायत द्वारा उच्च स्तरीय समस्त सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

​आगामी विजन: शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण

​आधुनिक लाइब्रेरी: युवाओं के उज्जवल भविष्य के लिए प्रत्येक ब्लॉक की 4-5 ग्राम सभाओं में (संबंधित जिला पंचायत सदस्य के अनुमोदन पर) आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण कराया जाएगा।

​अटल स्मृति जल संचय योजना: जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ग्राम सभाओं के तालाबों का सौंदर्यीकरण, वृक्षारोपण और फलदार वृक्षों की बाड़ तैयार करने के प्रस्ताव को बोर्ड बैठक में स्वीकृति दी जा चुकी है, जिस पर शीघ्र कार्य प्रारंभ होगा।

इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील त्यागी, जिला पंचायत सदस्य प्रदीप चौहान, प्रदेश मीडिया संयोजक प्रदीप गिरी, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष भरत लाल, अमित सैनी, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव कौशिक, तरुण शर्मा और शिवम कौशिक आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *