रोटरी क्लब रुड़की मिडटाउन ने सेवा के विविध आयामों के साथ मनाया विशेष दिवस, 110 विशेष बच्चों के लिए फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग, तीन रक्तदान शिविरों में सौ से अधिक यूनिट रक्त संग्रह एवं मेधावी मेडिकल छात्रा को दी आर्थिक सहायता
रुड़की । रोटरी क्लब रुड़की मिडटाउन द्वारा सेवा,संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व को समर्पित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस एवं अंतरराष्ट्रीय बधिरजन सप्ताह के उपलक्ष्य में क्लब द्वारा लगभग 110 मूक-बधिर एवं श्रवण बाधित बच्चों के लिए फिल्म ‘हनुमान अंश’ की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई।
इस आयोजन का उद्देश्य विशेष बच्चों को मनोरंजन के साथ-साथ समाज की मुख्यधारा से जुड़ाव, सहभागिता एवं समानता का संदेश देना था।इसी क्रम में “रक्तदान-महादान” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब रुड़की मिडटाउन द्वारा पृथ्वीराज इंडस्ट्रीज,क्लीना इंडस्ट्रीज एवं आईएमएस रुड़की में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए।इन शिविरों में उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए रक्तदाताओं द्वारा सौ से अधिक यूनिट रक्तदान किया गया,जिसे विभिन्न ब्लड बैंकों को उपलब्ध कराया गया।
क्लब ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का ऐसा माध्यम है,जिसमें एक व्यक्ति का छोटा-सा योगदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान बन सकता है।शिक्षा के क्षेत्र में भी क्लब ने अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाली मेधावी छात्रा मिस्बाह,जो सरकारी मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत हैं और अपने शैक्षणिक प्रदर्शन में डिस्टिंक्शन प्राप्त कर रही हैं,जिनको उनकी पढ़ाई जारी रखने के लिए पचास हजार रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।यह सहायता रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन रीटा कालरा के करकमलों द्वारा क्लब के सदस्यों की उपस्थिति में प्रदान की गई।रोटरी क्लब रुड़की मिडटाउन के अध्यक्ष रोटेरियन अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि क्लब का प्रयास सेवा को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखकर समाज की अलग-अलग आवश्यकताओं से जोड़ना है।विशेष बच्चों के साथ समय बिताना हमें समावेशिता और संवेदनशीलता का महत्व समझाता है।रक्तदान किसी अनजान व्यक्ति को जीवन देने का माध्यम बनता है और किसी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की शिक्षा में सहयोग करना उसके साथ-साथ समाज के भविष्य में निवेश है। उन्होंने कहा कि क्लब के सदस्यों के सामूहिक प्रयास और सेवा भावना से ही एक ही दिन में समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर सकारात्मक प्रभाव उत्पन्न करना संभव हुआ है।इस अवसर पर क्लब के सचिव रोटेरियन अरपित अग्रवाल,कोषाध्यक्ष रोटेरियन विवेक गुप्ता,रोटेरियन रवि प्रकाश,हेमंत अरोड़ा, राजेश गुप्ता,कैनेथ सैमुअल,संजीव कौशल,सुधीर चौधरी, गौरव गिरी,डॉ० मधुलिका,डॉ०विपुल, रमेश रावल,अभिषेक चंद्रा,राम अग्रवाल,श्वेता,अक्षरा, नेहा,हिमांशु पुंडीर सहित क्लब के अनेक सदस्य एवं सहयोगीगण मौजूद रहे।क्लब के सदस्यों ने संकल्प व्यक्त किया कि रोटरी क्लब रुड़की मिडटाउन भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा,समावेशिता और मानव सेवा से जुड़े कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा।


