भगवानपुर: स्कूल प्रबंधक ने की कक्षा तीन के बच्चे की पिटाई, इलाज के दौरान मौत, अभिभावकों ने स्कूल में किया जमकर हंगामा
भगवानपुर । स्कूल प्रबंधक ने कक्षा तीन के बच्चे को पिटाई कर दी। जिसके बाद उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। बुधवार को अभिभावक स्कूल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। कस्बा स्थित रहमानिया इंटर कॉलेज में कक्षा तीन के बच्चे अली की पिटाई करने के मामले में बुधवार को अभिभावकों ने स्कूल में जमकर हंगामा किया। दरअसल, 10 दिसंबर को स्कूल के प्रबंधक ने अली की पिटाई कर दी थी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई थी। पहले तो उसका इलाज भगवानपुर के एक निजी अस्पताल में चला और बाद में उसको हायर सेंटर चंडीगढ़ के लिए रवाना कर दिया गया था। मंगलवार देर रात उसकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। बुधवार की सुबह परिजन व अन्य लोगों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधक ने बच्चे को बेरहमी से पीटा है, जिसकी वजह से उसकी मौत हुई है। हंगामा होने की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह से मामले को शांत कराया।

