श्री यमुनोत्री-गंगोत्री धाम यात्रा ने पार किया 1 लाख का आंकड़ा, यात्रा के सुगम और सुरक्षित संचालन से श्रद्धालुओं में उत्साह
उत्तरकाशी। श्री यमुनोत्री और श्री गंगोत्री धाम की पवित्र यात्रा में श्रद्धालु पूरी आस्था, विश्वास और उत्साह के साथ बड़ी संख्या में धामों में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। 19 अप्रैल से शुरू हुई चारधाम यात्रा के अंतर्गत श्री यमुनोत्री व गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख के आंकड़े को पार कर गई है। प्राप्त सूचनानुसार आज शाम तक जिले के दोनों धामों में कुल 101645 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं जो कि तीर्थयात्रियों के भारी उत्साह और प्रशासन द्वारा की गई पुख्ता तैयारियों का परिणाम है। श्रद्धालुओं की भारी संख्या के बावजूद यात्रा पूरी तरह सुगम और सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है।
अब तक कुल 10617 वाहनों ने धामों तक सुरक्षित पहुँच दर्ज की है। 27 अप्रैल को 12735 श्रद्धालु धामों में दर्शन के लिए पहुंचे जिनमें 6557 ने श्री यमुनोत्री व 6178 ने श्री गंगोत्री धाम में दर्शन किए । इनमें 6663 पुरुष , 5685 महिलाएं और 387 बच्चे शामिल हैं। आज धामों की ओर 1294 वाहनों की आवाजाही रही, जिसमें 233 बड़े और 1061 छोटे वाहन शामिल हैं। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाम की स्थिति से निपटने और सुचारू यातायात प्रबंधन के लिए जिला प्रशासन द्वारा ट्रैफिक पुलिस और एसडीआरएफ की तैनाती की गई है जो संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी कर रही हैं।
तीर्थयात्रियों के स्वास्थ्य व सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने विशेष स्वास्थ्य शिविरों और चिकित्सा इकाइयों की चौबीसों घंटे उपलब्धता सुनिश्चित की है। यात्रा मार्गों पर अब तक कुल 29800 यात्रियों की स्क्रीनिंग और 4007 यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है। 27 अप्रैल को 4443 श्रद्धालुओं की स्क्रीनिंग और 677 का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है। ऊँचाई वाले क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए मेडिकल टीमें पूरी मुस्तैदी से तैनात हैं, ताकि हर श्रद्धालु को समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि है। यात्रा मार्गों पर शुद्ध पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य और सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं। तीर्थयात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए तथा यात्रा के सुगम और सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा हर छोटी-बड़ी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।



