शिवालिक नगर में दिनदहाड़े तमंचे के बल पर बंधक बनाकर की गई लूटकांड का एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने किया खुलासा, पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत चार बदमाशों को किया गिरफ्तार

शिवालिक नगर । शिवालिक नगर में दिनदहाड़े सेवानिवृत्त कर्मचारी और प्रॉपर्टी डीलर चौधरी गुलवीर सिंह के घर में घुसकर उनकी बेटी को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर की गई लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों की नकदी, गहने, तमंचे और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली है। लूट की साजिश प्रॉपर्टी के सौदे में दस लाख रुपये फंसने के बाद रची गई थी। कर्ज में डूबे आरोपी ने पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

रविवार को मायापुर स्थित एसपी सिटी कार्यालय में एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने लूटकांड का खुलासा करते हुए बताया कि 26 अगस्त की दोपहर शिवालिक नगर में बीएचईएल से सेवानिवृत्त कर्मचारी और प्रॉपर्टी डीलर चौधरी गुलवीर सिंह के घर पर तीन बदमाश घुस आए थे। उनकी बेटी मोना पर तमंचा तानकर उन्होंने घर से नकदी और गहने लूट लिए। इस दौरान एक आरोपी घर के बाहर खड़ा होकर निगरानी करता रहा। तीनों बदमाश उनकी कार भी लूट कर ले गए थे। बाद में रास्ते में उसे छोड़कर भागे थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि वारदात के बाद रानीपुर कोतवाली पुलिस और सीआईयू की टीमों ने 1000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और 100 से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ की। रविवार को पुलिस ने रानीपुर क्षेत्र स्थित सुमननगर रोड नंबर-3 की झोपड़ी से मास्टरमाइंड अजीत पुत्र भंवर सिंह निवासी टिहरी विस्थापित कॉलोनी, हरिद्वार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अजीत ने स्वीकार किया कि प्रॉपर्टी सौदे में गुलवीर चौधरी से दस लाख रुपये फंसने के बाद उसने लूट की साजिश रची। आर्थिक तंगी और कर्ज से दबे अजीत ने अपने पुराने साथी सोमपाल उर्फ छोटू पुत्र जसवीर सिंह निवासी साल्हाखेड़ी, मुजफ्फरनगर के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। अजीत की निशानदेही पर पुलिस ने रविवार सुबह ही दबिश देकर उसके साथी सोमपाल उर्फ छोटू और नरेश पुत्र बीर सिंह निवासी सिकंदरपुर ककौड़ी, हापुड़, विवेक पुत्र मनोज निवासी नागल, बागपत को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से तीन लाख रुपये नकद, गहने, तीन तमंचे, कारतूस, पल्सर बाइक और बैग बरामद किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *