चीनी मिल ने गन्ना किसानों के लिए पहली किस्त जारी की, तीन करोड़ चार लाख रुपये का आवंटन विभिन्न समितियों को किया, गन्ना किसानों के चेहरे खिले

ऋषिकेश । डोईवाला चीनी मिल ने गन्ना किसानों के लिए पहली किस्त जारी की है। तीन करोड़ चार लाख रुपये का आवंटन विभिन्न समितियों को किया गया है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार की उम्मीद है। मिल के अधिशासी निदेशक ने किसानों से साफ-सुथरा गन्ना सप्लाई करने का अनुरोध किया है।
पेराई सत्र की शुरूआत के महज सप्ताहभर में डोईवाला चीनी मिल प्रशासन ने गन्ना किसानों के भुगतान के लिए समिति को पहली किस्त जारी कर दी है। तीन करोड़ चार लाख रुपये का आवंटन मिल के अंतर्गत विभिन्न समितियों को किया गया है, जिससे गन्ना किसानों के चेहरे भी खिल गए हैं। उन्हें समय पर भुगतान मिलने से आर्थिकी सुधरने की उम्मीद है।
चीनी मिल के अधिशासी निदेशक डीपी सिंह के मुताबिक 18 से 26 नवंबर के बीच पेराई के मिले गन्ने का भुगतान किया गया है। इसमें डोईवाला समिति को 97.28 लाख, देहराखास को 51.13 लाख, भानियावाला को 51.10 लाख, रुद्रपुर को 96.18 लाख, शिवनगर को 5.16 लाख, ग्रोवरस पांवटा को 3.88 लाख, शाकम्भरी समिति को 0.69 लाख और ग्रोवरस पावंटा (द्वितीय) को 3.89 लाख रूपये जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले पेराई सत्र 2024-25 का भुगतान पहले ही किया जा चुका है। नए सत्र के लिए समयबद्ध किस्तें जारी करने के लिए भी अधीनस्थ अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने किसानों से भी साफ-सुथरा और ताजा गन्ना मिल को सप्लाई करने का अनुरोध भी किया है। वहीं, मिल चालू होने के साथ ही भुगतान से गन्ना किसान भी उत्साहित हैं।


