आर्मी पब्लिक स्कूल नंबर दो रुड़की में शिक्षक दिवस गरिमापूर्ण ढ़ंग से मनाया गया, प्रधानाचार्य ने खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को किया सम्मानित
रुड़की । आर्मी पब्लिक स्कूल नंबर दो में मंगलवार को शिक्षक दिवस गरिमापूर्ण ढ़ंग से मनाया गया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य ने खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया। मुख्य विंग में प्रतीकात्मक शिक्षण सत्र के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश की गई। प्रतीकात्मक शिक्षण सत्रों में विद्यार्थियों ने संक्षिप्त एवं पूर्व निर्धारित कक्षा आधारित संवाद पेश किए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य संदीप पंत ने विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विजेता छात्रों को पुरस्कृत किया गया। खेल उपलब्धियों में राज्य स्तरीय फेंसिंग प्रतियोगिता में विद्यालय के प्रतिभागियों ने 03 स्वर्ण, 04 रजत एवं 04 कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इसी क्रम में भारत विकास परिषद समर्पण द्वारा आयोजित अंतर-विद्यालय सामूहिक गायन प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान तथा अंडर-17 बास्केटबॉल टूर्नामेंट (सेंट्रल कमांड) में भी द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने जनपद, राज्य एवं कमांड स्तर की अन्य प्रतियोगिताओं में भी उपलब्धियाँ अर्जित कर विद्यालय का नाम रोशन किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य पंत ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह उपलब्धियाँ अनुशासन, तैयारी और सरोकार की जीत हैं। गुरुजनों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग के बिना संभव नहीं हैं। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-कर्मचारी, अभिभावक शिक्षक, संयोजक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

