सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला सौरभ कौशिक पुलिस की गिरफ्त में, बेरोजगार युवक युवतियों से धोखाधड़ी से लगभग 30 लाख रुपये ले चुका हैं आरोपी

रानीपुर । सरकारी नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी कर बेरोजगारों से लाखों रुपये वसूल चुका सौरभ कौशिक उर्फ कछुवे को रानीपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को मंगलवार रात उसके घर गली नंबर 3 गंगा विहार थाना गोकुलपुरी दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी अब तक कई बेरोजगार युवक युवतियों से धोखाधड़ी से लगभग 30 लाख रुपये ले चुका है। कई बेरोजगारों से रुपये लेकर आरोपी ने उन्हें फर्जी नियुक्ति पत्र भी दिए। रानीपुर कोतवाली के तहत टिबड़ी निवासी दुर्गा प्रसाद ने वर्ष 2020 में देहरादून नगर कोतवाली ने मुख्य आरोपी दिल्ली निवासी सौरभ कौशिक समेत मनोज कुमार और दीपक पर नौकरी दिलाने के नाम पर 2 लाख रुपये लेने का मामला दर्ज कराया था। दुर्गा प्रसाद ने पुलिस को बताया कि सौरभ ने उसे कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग दिल्ली में क्लर्क की नौकरी दिलाने का वादा किया था। रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने वादी के साथ गाली गलौज करनी शुरू कर दी। वादी की मांग पर मुकदमा को रानीपुर कोतवाली स्थानांतरित कर दिया गया था। तभी से पुलिस सौरभ की तलाश में दिल्ली में संभावित ठिकानों पर दबिशे दे रही थी। मुख्य आरोपी सौरभ कौशिक उर्फ कछुआ पुत्र जगदीश प्रसाद शातिर प्रवृत्ति का है। राजधानी दिल्ली में भी आरोपी कई लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी कर चुका है। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने कोर्ट से गैर जमानती वारंट हासिल किए हुए थे। कोतवाली रानीपुर पुलिस टीम उप निरीक्षक विकास रावत, कांस्टेबल सत्येंद्र यादव, कांस्टेबल पंकज देवली ने मंगलवार रात को आरोपी को उस समय गिरफ्तार किया जब वह छिपते हुए अपने घर आराम करने जा रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *