उत्तराखंड में हुआ दर्दनाक हादसा, गहरी खाई में गिरी कार, एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत
देहरादून । उत्तराखंड में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। देहरादून जिले के चकराता स्थित त्यूनी क्षेत्र में एक कार खाई में गिरी गई। हादसा गुरुवार को तड़के बानपुर रोड पर हुआ। जानकारी के मुताबिक इस कार में एक ही परिवार के पांच लोग सवार थे और किसी निजी काम से जा रहे थे। हादसे में सभी पांच लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में एक महिला, तीन पुरुष और एक बच्चा शामिल है। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम राहत-बचाव कार्य कर रही है। इससे पहले बुधवार को पिथौरागढ़ में एक कार खाई में गिर गई थी। उस हादसे में भी पांच लोगों की मौत हुई थी। थल से पिथौरागढ़ आ रही एक फॉर्च्यूनर कार बुधवार को मुवानी के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर सहित पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। मरने वालों में नेपाल के दो पंडित भी शामिल थे। सभी लोग कर्णप्रयाग में पूजा कर पिथौरागढ़ लौट रहे थे। संचार सेवाएं बंद होने के कारण एक युवक को दस किमी दूर थल थाने भेजकर पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

