क्षेत्र पंचायत सदस्यों की परिचय बैठक में बारह प्रस्ताव दिए, बारात घर, सफाई व्यवस्था व सड़कों के प्रस्ताव ब्लाक प्रमुख को सौंपे गए
भगवानपुर । भगवानपुर खंड विकास कार्यालय के सभागार में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की पहली परिचय बैठक संपन्न हुई। जिसमें कुछ सदस्यों ने प्रस्ताव भी दिए। मंगलवार को ब्लॉक प्रमुख करुणा कर्णवाल, ज्येष्ठ प्रमुख आयुषी राकेश, कनिष्ठ प्रमुख प्रमोद कुमार की मौजूदगी में बैठक हुई। इसके बाद सभी सदस्यों ने बारात घर, सफाई व्यवस्था व सड़कों के 12 प्रस्ताव ब्लॉक प्रमुख को सौंपे। जो आगामी बैठक में विस्तार पूर्वक रखे जाएंगे। खंड विकास अधिकारी जयेंद्र भारद्वाज ने बताया कि प्रस्ताव में कोई भी व्यक्ति नल का प्रस्ताव न भेजें, सरकार द्वारा चलाई जा रही हर घर जल हर घर नल योजना के अंतर्गत अब हैंडपंप का प्रस्ताव खंड विकास कार्यालय से नहीं लिया जाएगा। इस तरह के प्रस्ताव विधायक के द्वारा कराए जा सकते हैं। जिस पर विधायक ममता राकेश ने कहा कि जब तक गांव में पानी की टंकियों के पाइप की व्यवस्था न बन जाए तब तक गांव में हैंडपंप लगवाने की व्यवस्था जारी होनी चाहिए। बताया कि गांव में लगभग डेढ़ वर्ष से सड़कें खुदी पड़ी है और उन में अभी तक टंकी के पाइप भी नहीं डाले गए हैं। क्षेत्र का पानी बहुत अधिक खराब हो चुका है। प्रत्येक नल के पानी की जांच करा कर खंड विकास अधिकारी एक रिपोर्ट तैयार करके शासन को भेजें। इस दौरान 6 समितियों का गठन भी किया गया जिसके अध्यक्षों ने नाम पर भी चर्चा की गई है, जिन पर आगामी बैठक में चर्चा की जाएगी। इस अवसर पर पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल, सीएचसी प्रभारी डॉ. विक्रांत सिरोही, ज्ञानेंद्र सिंह, तुलाराम तथा क्षेत्र पंचायत के सभी सदस्य मौजूद रहे।

