खोखा मार्केट से काजू-बादाम चोरी करने में दो गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद, टीन काटकर चोरी की थी चोरी

रानीपुर । पुलिस ने खोखा मार्केट सेक्टर तीन की दुकान से काजू-बादाम समेत अन्य सामान चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से पुलिस ने चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है। आरोपियों ने टीन काटकर चोरी की थी। पुलिस के मुताबिक गली नंबर 11बी सुभाष नगर ज्वालापुर निवासी गुलशन खुराना पुत्र श्री गुरूदयाल ने शिकायत में बताया क‌ि सेक्टर तीन बीएचईएल की खोखा मार्केट में उसकी गुलशन प्रोविजन स्टोर के नाम से खोखा दुकान है। दो अगस्त को सुबह सात बजे जब वह दुकान खोलने के लिए पहुंचा तो देखा कि टीन की चादर को चोरों ने काटकर काजू के दो सफेद डिब्बे, बादाम के 10 पैकेट, बीडी के 10 पैकेट, सिगरेट के 9 पैकेट, माचिस के दस पैकेट और 3500 रुपये गायब थे। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। दरोगा वेदपाल सिंह ने मुखबिर की सचूना पर बीएचईएल फाउंड्री गेट के पास से दो आरोपी कृष्णा पुत्र नरसिंह गुप्ता और उमेश पुत्र नरसिंह गुप्ता निवासीगण विष्णु लोक कॉलोनी थाना रानीपुर हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से पुलिस ने काजू के दो सफेद गत्ते के डिब्बे में, 7 पैकेट काजू, 10 पैकेट बादाम समेत अन्य सामान बरामद किया है। कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *