100 करोड़ से बदलेगी शाकंभरी सिद्धपीठ की तस्वीर, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शाकंभरी पहुंचकर परियोजनाओं का किया निरीक्षण

सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर में शाकंभरी सिद्धपीठ पर पहुंचकर विकास परियोजनाओं को परखा। उन्होंने परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। जल्द से जल्द परियोजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिए।

शाकंभरी पर्यटन क्षेत्र में और क्या बेहतर हो सकता है इसके लिए भी सुझाव मांगे। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुख्ता बंदोबस्त करने के लिए कहा। वहीं, 19 मार्च से लगने वाले चैत्र मेले की व्यवस्थाओं को भी परखा।

मुख्यमंत्री के आगमन का समय शनिवार दोपहर 2:25 बजे थे, मगर वह 3:40 पर पहुंचे। नागलमाफी गांव में हेलीपैड पर उतरकर उन्होंने सिद्धपीठ के आसपास के क्षेत्र में लगभग 100 करोड़ की लागत से चल रहे निर्माण कार्यों को देखा। जिला पंचायत गेट के पास निर्माणाधीन इमारत में समीक्षा बैठक की गई। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि पर्यटन सुविधा केंद्र का काम करीब 65 प्रतिशत, ओपन एयर थिएटर 70 प्रतिशत, मल्टी लेवल कार पार्किंग 30 प्रतिशत, टॉयलेट ब्लॉक पब्लिक सोवियर शॉप शत-प्रतिशत, शाकंभरी देवी पदयात्रा मार्ग सुदृढ़ीकरण 85 प्रतिशत, शाकंभरी द्वार कॉम्प्लेक्स 70 प्रतिशत और साइनेज स्थापना कार्य 25 प्रतिशत पूरा हो चुका है।

इसके अलावा शाकंभरी देवी पदयात्रा प्रकाश व्यवस्था 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुके हैं। जनप्रतिनिधियों ने सुझाव दिए कि यहां पर साफ-सफाई और लाइटिंग की व्यवस्था मजबूत की जाए। सीएम ने निर्देश दिए कि जो परियोजनाएं अक्तूबर तक पूरी होनी हैं, उन पर गंभीरता से काम करें, जिससे वह समय से पूरी हो जाए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बाहर से आने वाली महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त हो। एंटी रोमियो स्क्वाॅड की ड्यूटी लगाई जाए। यहां पर जिन महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रहेगी, उनके रहने का भी इंतजाम किया जाए। समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर में पहुंचकर मां शाकंभरी की पूजा अर्चना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *