एक लाख रुपये की डिमांड पूरी न करने पर पति ने अपनी पत्नी को घर से निकाला, दिया तीन तलाक, पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज
देहरादून। देहरादून में एक लाख रुपये की डिमांड पूरी न करने पर पति ने अपनी पत्नी को घर से निकालकर उसे तलाक दे दिया। मामले में फिलहाल, वसंत विहार थाना पुलिस ने आरोपित पति सहित पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्त्ता फिरदौस निवासी कांवली ने महिला हेल्पलाइन में शिकायत दी थी कि उनकी शादी चार साल पहले समीर निवासी नई बस्ती, कुड़कावाला, डोईवाला से हुई थी। उनकी दो बेटियां हैं। आरोपित समीर उसे एक साल से मायके से एक लाख रुपये लाने के लिए परेशान कर रहा था। कुछ समय पहले आरोपित ने फिरदौस की इतनी पिटाई की कि उसका एक हाथ टूट गया। पीड़ित ने बताया कि उनकी मां का कुछ समय पहले निधन हो चुका है और पिता बीमार हैं। 25 जुलाई की रात उसके पति, सास, ननद, दादी सास और फूफी उसे उसकी बहन के कांवली स्थित घर छोड़कर आ गए। आरोपित समीर ने कहा कि जब तक एक लाख रुपये लेकर नहीं आएगी, वह उसे लेने नहीं आएगा। इसी दौरान समीर ने तीन बार तलाक बोल दिया। इंस्पेक्टर वसंत विहार देवेंद्र चौहान ने बताया कि आरोपित पति समीर सहित सास, ननद, दादी सास व फूफी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।



