उत्तराखंड में नारी शक्ति का सशक्तिकरण करेगा उद्धोश: श्रीमहंत रविंद्रपुरी, एसपी सिटी व सीओ सिटी ने लिया श्रीमहंत रविन्द्रपुरी से आशीर्वाद
हरिद्वार । मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष व निंरजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने गुप्त नवरात्रों के अवसर पर चरणपादुका मंदिर में मां कामाख्या की विशेष आराधना कर कन्या पूजन किया। इस अवसर पर एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय व नवनियुक्त सीओ सिटी पूर्णिमा गर्ग ने भी मंदिर पहुंचकर श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज से आशीर्वाद लिया। एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय व सीओ सिटी पूर्णिमा गर्ग को मां चुनरी व नारियल भेंटकर आशीर्वाद प्रदान करते हुए श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि मां मनसा देवी की कृपा से उत्तराखण्ड में नारी शक्ति का लगातार सशक्तिकरण हो रहा है। महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। यह उत्तराखंड राज्य में उल्लेखनीय उद्धोश करेगा । यहां यह उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड राज्य में खासतौर पर पुलिस अधिकारी के रूप में सेवाएं दे रही महिलाएं अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने एवं प्रेरक की भूमिका का निर्वाह कर रही हैं। एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय व सीओ सिटी पूर्णिमा गर्ग ने डयूटी के प्रति लगन और निष्ठा से एक अलग ही छवि स्थापित की है। श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि मां मनसा देवी के आशीर्वाद से अवश्य ही कोरोना पर विजय प्राप्त होगी। मां मनसा देवी की शक्ति अपरंपार है। सच्चे मन से मां मनसा देवी की पूजा अर्चना अवश्य ही फलीभूत होती है। मां मनसा देवी अपने भक्तों की सभी इच्छाएं पूर्ण करती है। केंद्र व राज्य सरकारों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की सार्थकता सच्चे सेवाभाव से ही फलीभूत की जा सकती है। कन्याओं का संरक्षण व संवर्द्धन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। इस अवसर पर मां मनसा देवी ट्रस्ट की ट्रस्टी बिंदु गिरी, अनिल शर्मा, दिगम्बर धनंजय गिरी, दिगंबर स्वामी राजपुरी, प्रतीक सूरी, टीना, अनिल मंत्री, संदीप अग्रवाल व प्रदीप शर्मा भी मौजूद रहे।


