बाबा साहब के विचारों से प्रेरित हुआ राजकमल कॉलेज का आयोजन

हरिद्वार। राजकमल साइंस एंड मैनेजमेंट कॉलेज, बहादराबाद में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बाबा साहब के विचारों, सिद्धांतों एवं सामाजिक समानता के संदेश से प्रेरित करना था।

इस अवसर पर कॉलेज में प्रश्नोत्तरी एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने बाबा साहब के जीवन, संघर्ष एवं उनके विचारों पर अपने-अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में अनिका सिंह ने एक सुंदर कविता के माध्यम से अपनी प्रस्तुति दी, वहीं ज्योति ने बाबा साहब के जीवन एवं उनके आदर्शों पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। इसके अलावा राहुल दुबे ने उनके जीवन परिचय को विस्तार से प्रस्तुत कर सभी को प्रेरित किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राघवेंद्र चौहान ने कहा कि बाबा साहब का जीवन हमें यह सिखाता है कि परिस्थितियाँ चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, यदि हमारे भीतर सीखने की लगन और आगे बढ़ने का साहस हो, तो हम हर बाधा को पार कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि बाबा साहब का प्रसिद्ध संदेश — “शिक्षा ही सबसे बड़ा हथियार है” — आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
रसायन विज्ञान प्रवक्ता सिया पाल ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने भारतीय संविधान के माध्यम से देश को एक मजबूत आधार प्रदान किया, जिसमें सभी नागरिकों को समान अधिकार एवं न्याय का अधिकार मिला। उनका उद्देश्य एक ऐसा समाज बनाना था, जहाँ किसी के साथ जाति, धर्म या वर्ग के आधार पर भेदभाव न हो।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के परिणाम घोषित करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। अनिका सिंह, राहुल दुबे, आदित्य चौहान, अमरजीत कमाटी एवं सौरव खरोला को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
महाविद्यालय की सचिव श्रीमती राजेश देवी ने प्रतिभागी छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर प्रबंध समिति सदस्य दुष्यंत प्रताप, नितिन चौहान तथा प्रवक्तागण डॉ. दीक्षा चौहान, डॉ. अनिरुद्ध कुमार, प्रवीण कुमार, अजय कुमार, इशिका पंडित, विनीत कुमार, प्रिया सैनी, नैंसी चौहान, अरबाब राव, रवि कुमार, विशाखा सिंह एवं राजदेव रावत उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *