लक्सर: बाबा के इशारे पर की थी डॉक्टर पर फायरिंग, एक बदमाश गिरफ्तार, दूसरा आरोपी फरार, आरोपी के पास से एक तमंचा और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद

लक्सर। लकसर कोतवाली क्षेत्र के बाड़ीटीप में चिकित्सक की कार पर फायरिंग की घटना को कथित सत्संगी बाबा ने अपने चेले के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बाबा के चेले को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 315 बोर का तमंचा बरामद किया गया है। घटना के मास्टरमाइंड सत्संगी बाबा की पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।

खुलासा करते हुए एसपी ग्रामीण शेखर सुयाल ने बताया कि 27 अप्रैल को दाबकी कलां निवासी डा.सुमित कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि अपने साथियों के साथ हंस फाउंडेशन हॉस्पिटल बहादराबाद से भिक्कमपुर लौट रहे थे। बाड़ीटीप के पास बाइक सवार दो अज्ञात लोगों ने उनकी कार पर फायरिंग कर दी। डा.सुमित कुमार ने यह भी बताया कि 14 अप्रैल को भी दाबकी गांव के पास भी उनकी गाड़ी पर फायरिंग की गयी थी। गाड़ी के टायर के अंदर भी बुलेट मिली है।

तहरीर के आधार पर मुकद्मा दर्ज करने के बाद लकसर कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी के नेतृत्व में पुलिस और सीआईयू टीम का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त के प्रयास में जुटी पुलिस टीम ने एसएसपी के निर्देश पर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए एक संदिग्ध शुभम सैनी पुत्र राजेश कुमार निवासी ग्राम भिक्कमपुर लक्सर को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व तमंचे सहित दबोच लिया।

पूछताछ में शुभम सैनी ने बताया कि वह और उसके परिवार वाले एक बाबा के पास सत्संग करते रहते है। लगभग तीन साल से सत्संग कर रहे और कथित बाबा के लक्सर स्थित आश्रम में रह रहे शुभम सैनी की बाबा से काफी घनिष्ठता हो गयी। बाबा ने उससे 5-6 महीने पहले सुमित को मारने की इच्छा जाहिर की। 14 अप्रेल को लक्सर गए शुभम सैनी को बाबा ने फोन कर बुलाया और दोनों ने मोटरसाइकिल से डा.सुमित कुमार की गाडी पर लगभग दो तीन राउण्ड फायर कर दिये और वहां से भाग गए। 27 अप्रैल को आरोपियो ंने फिर डाक्टर का पीछा किया और बाड़ीटीप गांव के पास मौका देखते ही उनकी गाड़ी पर 4 फायर झोंक दिए और फरार हो गए। एसपी शेखर सुयाल ने बताया कि तथाकथित बाबा फिलहाल फरार है। पुलिस टीमें उसकी तलाश कर रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *