आदि कैलाश–ॐ पर्वत दर्शन यात्रा: पिथौरागढ़ जिला अस्पताल में शुरू हुई इनर लाइन परमिट की सुविधा
पिथौरागढ़। आदि कैलाश एवं ॐ पर्वत यात्रा को लेकर पर्यटकों में बढ़ते उत्साह तथा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देश पर पिथौरागढ़ शहर में भी इनर लाइन परमिट जारी करने की व्यवस्था शुरू कर दी गई है।
जिलाधिकारी द्वारा पूर्व में जिला अस्पताल पिथौरागढ़ में मेडिकल परीक्षण के साथ-साथ इनर लाइन परमिट जारी करने की सुविधा प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के क्रम में आज से जिला अस्पताल पिथौरागढ़ में मेडिकल प्रमाणन के साथ-साथ इनर लाइन परमिट जारी होने भी शुरू हो गए हैं।
अब आदि कैलाश एवं ॐ पर्वत यात्रा पर आने वाले पर्यटक जनपद में धारचूला के साथ-साथ पिथौरागढ़ शहर से भी इनर लाइन परमिट प्राप्त कर सकेंगे, जिससे यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी तथा समय की बचत भी होगी।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में एवं यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला अस्पताल पिथौरागढ़ के कमरा न. 10 में इनर लाइन परमिट बनाने की सुविधा विधिवत रूप से शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि अब यात्री पिथौरागढ़ और धारचूला दोनों स्थानों से आसानी से इनर लाइन परमिट प्राप्त कर आदि कैलाश एवं ॐ पर्वत यात्रा पर जा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि दिनांक 23 मई 2026 को कुल 1645 इनर लाइन परमिट जारी हुए और वहीं मात्र 23 दिनों में वर्ष 2026 में जारी कुल इनर लाइन परमिटों की संख्या बढ़कर 18,561 पहुंच चुकी है।
लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संख्या से यह स्पष्ट है कि आदि कैलाश एवं ॐ पर्वत यात्रा यात्रियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है तथा सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में पर्यटन एवं स्थानीय रोजगार के नए अवसर भी बढ़ रहे हैं।


