राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने वृद्ध जागेश्वर, दण्डेश्वर महादेव एवं जागेश्वर धाम में की पूजा-अर्चना, देश एवं प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की
अल्मोड़ा । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने अल्मोड़ा जनपद स्थित पवित्र वृद्ध जागेश्वर, दण्डेश्वर महादेव एवं जागेश्वर धाम में दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने देवाधिदेव महादेव से देश एवं प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं कल्याण की प्रार्थना की।
राज्यपाल ने कहा कि जागेश्वर धाम सहित समूचा कुमाऊँ क्षेत्र हमारी समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। यहां की दिव्य ऊर्जा और आध्यात्मिक वातावरण श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति एवं नई प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड के पवित्र तीर्थस्थल न केवल आस्था के केन्द्र हैं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों के संवाहक भी हैं।
राज्यपाल ने कामना की कि भगवान शिव की कृपा सभी पर बनी रहे तथा समाज में शांति, सद्भाव, समृद्धि और लोककल्याण की भावना निरंतर सुदृढ़ होती रहे। उन्होंने कहा कि देवभूमि की यह दिव्य आध्यात्मिक चेतना सभी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, शांति एवं मंगल का संचार करे।


