हरिद्वार: राम मंदिर में चंदा प्रकरण के मामले को लेकर कांग्रेसियों ने मंदेश्वर महादेव मंदिर परिसर में स्थित राम मंदिर में उपवास रखकर विरोध प्रदर्शन किया, निष्पक्ष जांच की मांग की

हरिद्वार । अयोध्या के राम मंदिर में चंदा प्रकरण के मामले को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को मंदेश्वर महादेव मंदिर परिसर में स्थित राम मंदिर में उपवास रखकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर असली दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सरकार पर वास्तविक आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया। जिला महानगर कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक मायापुर अध्यक्ष अजय गिरी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि राम मंदिर में चंदा चोरी की घटना से करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था आहत हुई है।

उन्होंने कहा कि इससे पहले केदारनाथ में सोना गायब होने और बदरीनाथ धाम में कथित चोरी जैसे मामलों ने भी लोगों का विश्वास कमजोर किया है। सरकार को छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई तक सीमित रहने के बजाय पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक दोषियों को कानून के कठघरे में लाना चाहिए। महानगर कांग्रेस महासचिव तुषार कपिल और सचिव करण सिंह राणा ने आरोप लगाया कि सरकार मामले के वास्तविक दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की जांच सुप्रीम कोर्ट के किसी वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। महानगर कांग्रेस कोषाध्यक्ष ओम मलिक और युवा नेता गौरव गोस्वामी ने कहा कि कांग्रेस इस मामले में दोषियों को सजा दिलाने तक अपना विरोध जारी रखेगी। वहीं युवा नेता योगेश त्यागी और वार्ड अध्यक्ष नंदन शाह ने भी निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई। उपवास कार्यक्रम में मोहित अरियाल, रितेश पांडेय, नागेश रावत, राहुल शर्मा, सन्नी कौशल, तरनजीत सिंह, गोविंद पांडेय, मनोज अग्रवाल, संजय मखीजा, डुंगर सिंह, ऋषभ गिरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *