कांवड़ यात्रा के बीच माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे दिल्ली के चार युवकों को बहादराबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया, चारों युवक रघुनाथ मॉल के पास कांवड़ियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग कर उन्हें उकसा रहे थे

बहादराबाद । कांवड़ यात्रा के बीच माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे दिल्ली के चार युवकों को बहादराबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि चारों युवक रघुनाथ मॉल के पास कांवड़ियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग कर उन्हें उकसा रहे थे। विरोध होने पर आरोपी झगड़े पर उतारू हो गए, जिससे मौके पर तनाव और शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका बन गई। बाजार चौकी प्रभारी विकास रावत ने बताया गश्त के दौरान चारों युवक कांवड़ियों के पास जाकर अमर्यादित शब्दों का प्रयोग कर रहे थे।

पुलिसकर्मियों और लोगों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। उनके व्यवहार से कांवड़ियों में रोष फैलने लगा और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।स्थिति बिगड़ने से पहले पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश, विशाल, नीरज और धर्मेंद्र के रूप में हुई है। सभी आरोपी दिल्ली के रहने वाले हैं। पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश किया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विकास रावत, कांस्टेबल प्रीतम तोमर, कांस्टेबल अवनेश राणा और पीआरडी जवान अमजद शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *