देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ को रुड़की में कांग्रेस का समर्थन, कांग्रेस नेता सचिन गुप्ता ने कहा शहर के विकास की मुख्य रीढ़ हैं सफाईकर्मी
रुड़की। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश व्यापी कार्य बहिष्कार के आठवें दिन आज रुड़की नगर निगम के प्रांगण में बैठे सफाई कर्मचारियों की 11 सूत्रीय मांगों के समर्थन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सचिन गुप्ता, प्रदेश कांग्रेस सचिव जगदेव सिंह सेखों,पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मुन्फैत अली, अल्पसंख्यक प्रदेश महामंत्री हाजी नौशाद अली, अल्पसंख्यक प्रदेश सदस्य रहीस अहमद, दलित प्रकोष्ठ प्रदेश सचिव पंकज सोनकर, कांग्रेस नेता तुषार अरोरा, दलीप कुमार, मनोज कुमार आदि पहुंचे। सफाई कर्मचारियों के समर्थन में संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस सचिव जगदेव सिंह सेखों ने कहा, सफाई कर्मचारी ही शहर के वह प्रथम लोग हैं जो शहर के विकास में अग्रणी भूमिका निभाने का काम करते हैं क्योंकि वही शहर को साफ रखने का काम करते हैं,जिसके बाद शहर खूबसूरत दिखाई देता है। सफाई कर्मचारी ही शहर के विकास की मुख्य रीढ़ है। उन्होंने बताया कि, आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी दलित प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व विधायक श्री राजकुमार जी द्वारा धरने पर बैठे सफाई कर्मचारियों को पूर्ण समर्थन दिया गया।समर्थन संबोधन में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मुन्फैत अली ने कहा कि आज पूरा शहर गंदगी से अटा पड़ा है और शहर के मोअज़ीज़ लोगों को इस बात का अंदाजा हो गया होगा कि सफाई कर्मचारी किस प्रकार गंदगी में रहकर शहर को साफ रखने में अपनी अहम भूमिका निभाता है। उत्तराखंड सरकार को जल्द ही इनकी 11 सूत्रीय मांगे पूरी कर देनी चाहिए क्योंकि 8000 रुपये के मानदेय पर किसी भी व्यक्ति का एक माह परिवार नहीं चल सकता।समर्थन संबोधन में अल्पसंख्यक प्रदेश महामंत्री हाजी नौशाद अली ने कहा कि करोना काल की महामारी में किस प्रकार सफाई कर्मचारियों ने दिन-रात पूरे शहर के अंदर काम किया और शहर को साफ रखा। लोग अपनी अपनी बड़ाई करते रहे लेकिन इन सफाई कर्मचारियों की वास्तव की मेहनत को अगर देखा जाए तो यही महान करोना योद्धा हैं। अल्पसंख्यक प्रदेश सदस्य रईस अहमद ने कहा कि आज कर्मचारी आठवें दिन भी कार्य बहिष्कार पर बैठे हैं लेकिन इनकी कोई सुध लेने वाला नहीं है। यह रोजमर्रा के काम करने के बाद ही जो कमाते हैं उससे घर चलता है और यहां यह लोग सुबह से शाम तक किस तरह बैठे हैं यह शहर के सभी सम्मानित नेता गणों को सोचना चाहिए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सचिन गुप्ता द्वारा धरने पर बैठे सभी सफाई कर्मचारियों के लिए फलाहार दिया गया। उन्होंने सभी सफाई कर्मचारियों को इस बात का भरोसा जताया कि वह सदा उनके साथ खड़े हैं और किसी भी प्रकार के कार्य के लिए उनके दरवाजे हमेशा खुले हैं।





























