न्यूज टीवी चैनल का उत्तराखंड हैड बताकर राशन डीलर से कर रहा था एक लाख रुपए की मांग, मुकदमा दर्ज
रानीपुर । कोर्ट के आदेश पर रानीपुर पुलिस ने एक राशन डीलर से एक लाख रुपये की मांग करने के आरोप में एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। क्षेत्र के गांव पूरणपुर निवासी संजय कुमार ने कोर्ट को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि मोहल्ला कैथवाडा निवासी वीरपाल सिंह ने खुद को एक न्यूज टीवी चैनल का उत्तराखंड हैड बताकर उसकी दुकान पर पहुंचकर एक लाख रुपये देने की मांग की थी। विरोध करने पर आरोपी ने उसकी दुकान पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी बहादराबाद का निरीक्षण भी करवाया था। रकम देने से इनकार करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

