उत्तराखंड शासन ने 5 मुख्य चिकित्साधिकारी समेत 58 डॉक्टरों के किए तबादले, डॉ कुमार खगेंद्र होंगे हरिद्वार के नए मुख्य चिकित्साधिकारी
देहरादून । शासन ने स्वास्थ्य महकमे में बड़ा फेरबदल किया है। इस कड़ी में हरिद्वार, चमोली, पौड़ी व चम्पावत के सीएमओ बदले गए हैं। इन्हें मिलाकर कुल 58 चिकित्सकों के पदभार में बदलाव किया गया है। शासन ने नगर निगम देहरादून में मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा कैलाश जोशी और वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा आरपी सिंह का भी तबादला कर दिया है। मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी देहरादून का अतिरिक्त प्रभार जिला क्षय रोग अधिकारी डा मनोज वर्मा को दिया गया है। मंगलवार को शासन द्वारा जारी तबादला सूची के अनुसार अपर मुख्य चिकित्साधिकारी पौड़ी डा कुमार खगेंद्र को प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी हरिद्वार के पद पर तैनात किया गया है। हरिद्वार में इसी पद पर तैनात एसके झा का तबादला मुख्यालय किया गया है। सामुदायिक केंद्र रायपुर में तैनात डा एसपी कुडियाल का तबादला प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी चमोली के पद पर किया गया है। चमोली में यह पदभार देख रहे डा केके अग्रवाल को प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी चम्पावत की जिम्मेदारी दी गई है। मुख्य चिकित्साधिकारी चंपावत डा आरपी खंडूड़ी को संयुक्त निदेशक महानिदेशालय के पद पर तैनाती दी गई है। वहीं, शासन ने महानिदेशालय में तैनात डा प्रवीण कुमार को प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी पौड़ी का जिम्मा दिया गया है। टनकपुर में तैनात डा हीरा सिंह ह्यांकि को प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी पिथौरागढ़ के पद पर तैनाती दी गई है। वहीं, प्रभारी चिकित्साधिकारी पिथौरागढ़ डा हरीश चंद्र पंत को सर्जन, जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ के पद पर तैनात किया गया है। इसके अलावा शासन ने नगर निगम देहरादून में तैनात डा कैलाश जोशी का तबादला स्वास्थ्य महानिदेशालय में किया है। वरिष्ठ चिकित्साधिकारी मसूरी व देहरादून आरपी सिंह को अपर मुख्य चिकित्साधिकारी रुदप्रयाग के पद पर तैनाती दी गई है। महानिदेशालय में संयुक्त निदेशक के पद पर तैनात डा एचसीएस मार्तोलिया को अपर मख्य चिकित्साधिकारी अल्मोड़ा का जिम्मा दिया गया है। वहीं डा विमल गुसाईं को अपर मुख्य चिकित्साधिकारी रुद्रप्रयाग की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पतालों के चिकित्सकों के तबादले किए गए हैं।



