भेल कर्मचारियों ने पीपीपी, एसआईपी और बोनस की मांगों को लेकर किया विरोध-प्रदर्शन, भेल नेता राजबीर चौहान ने कहा प्रबंधन कर्मचारियों की मांगों के प्रति उदासीनता बरत रहा
हरिद्वार । भेल कर्मचारियों ने पीपीपी, एसआईपी और बोनस सहित कई मांगों को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। बीएमकेपी (इंटक) के महासचिव राजबीर सिंह चौहान ने कहा कि प्रबंधन कर्मचारियों की मांगों के प्रति उदासीनता बरत रहा है। भेल कर्मचारी कमरतोड़ मेहनत कर उत्पादन लक्ष्य को पूर्ण करते हैं। लेकिन प्रबंधन कर्मचारियों के साथ अन्याय करने पर तुला हुआ है। कर्मचारियों को मिलने वाले पीपीपी एवं एसआईपी जैसे लाभ के प्रति प्रबंधन लचर रवैया अपनाते हुए जेसीएम बुलाने में आनकानी की जा रही है। पीपीपी एवं एसआईपी का पिछले वर्ष का भुगतान भी अभी तक लंबित है। कॉरपोरेट प्रबंधन अतिशीघ्र संयुक्त समिति की बैठक बुलाकर विगत वर्ष एवं वर्तमान वर्ष का पीपीपी एवं एसआईपी का भुगतान सुनिश्चित करे। सीएफएफपी इंटक संगठन के संरक्षक सुक्रमपाल ने कहा कि प्रबंधन कर्मचारियों को प्रतिवर्ष मिलने वाले उपहार एवं जूते के वितरण पर भी उदासीनता भरा रवैया अपना रहा है। प्रदर्शन करने वालों में राजेंद्र चौहान, मुकुल राज, अमित सिंह, सचिन चौहान, मुकेश कुमार, अजय, वैभव, इम्तियाज, पंकज कुमार, राजीव कुमार, राकेश चौहान, कपिल पुंडीर, संदीप, अमरीश, धर्मेद्र, सुनील, आशीष, विजयपाल, रोहित, राहुल, नमेश, संजय, मुनेश, रविन्द्र आदि शामिल रहे।

