साइबर ठगी का शिकार हुए युवक को 24 घंटे में दिलाए 90 हजार रुपए, युवक ने पुलिस अधिकारियों का जताया आभार
हरिद्वार । साइबर ठगी का शिकार हुए युवक को साइबर क्राइम सेल ने कार्रवाई करते हुए 24 घंटे में ही 90 हजार रुपये वापस करवा दिए हैं। युवक ने पैसे वापस मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों का आभार जताया। एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि सचिन कुमार पुत्र ओमप्रकाश निवासी तेलियान ज्वालापुर ने पांच अक्तूबर को शिकायत देकर बताया कि मोबाइल फोन पर एक कॉल आई। जिसमें उक्त व्यक्ति ने खुद को कस्टमर केयर अधिकारी बताते हुए धोखाधड़ी से ओटीपी ले लिया। जिसके तुरंत बाद बैंक खाते से 90 हजार रुपये निकाल लिए गए। नोडल अधिकारी साइबर क्राइम सहायक पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम सेल प्रभारी ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। कुछ घंटों बाद ही बैंक अकाउंट में 90 रुपये की रकम को वापस करा दिया गया। टीम में प्रभारी मनोज मेनवाल, कांस्टेबल शक्ति सिंह गुसाईं, अरुण कुमार शामिल रहे।

