ऋषिकेश और हरिद्वार में कुट्टू का आटा खाने से 50 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ी, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम दुकानदारों से कुट्टू के आटे के सप्लायर की जानकारी जुटाने में लगीं

देहरादून । ऋषिकेश में रायवाला थाना क्षेत्र के हरिपुर कलां में कुट्टू का आटा खाने के बाद अलग-अलग परिवारों के 30 लोगों की हालत बिगड़ गई है। वहीं हरिद्वार में भी कुट्टू का आटा खाने से 20 लोगों की तबीयत खराब हो गई। सभी ने कुट्टू के आटे के पकवान खाए थे। शुक्रवार को आनन फानन बीमारों को ऋषिकेश में हरिपुर कलां स्थित निजी अस्पताल और पीएचसी रायवाला में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत अभी स्थिर है। बताया कि लोगों ने अलग-अलग दुकानों से कुट्टू का आटा खरीदा था। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम दुकानदारों से कुट्टू के आटे के सप्लायर की जानकारी जुटा रही है। हरिद्वार में भी नवरात्र में कुट्टू का आटा खाने से कई लोगों को फूड प्वॉइजनिंग की शिकायत हुई है। यहां हरिकलां, उत्तरी हरिद्वार कनखल और ज्वालापुर के 20 लोग उल्टी-दस्त की शिकायत लेकर जिला अस्पताल इलाज कराने के लिए पहुंचे। इनमें से 19 को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं अभी एक व्यक्ति का उपचार किया जा रहा है। हालांकि, उसकी हालत भी सामान्य है। प्रभारी मुख्य सीएमएस चंदन मिश्रा ने बताया कि बासी आटे के सेवन से इन लोगों की तबीयत खराब हुई है। इससे पहले अप्रैल माह में रुद्रपुर में भी कुट्टू के आटे की पूड़ियां खाने से अलग-अलग स्थानों पर नौ लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी। फूड प्वाइजनिंग की आशंका पर सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *