आने वाला चुनाव सिर्फ उत्तराखंड का ही नहीं है, बल्कि यह चुनाव देश की दिशा और दशा तय करेगा: दीपिका पांडे
हरिद्वार । उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला के अंतिम दिन कुमाऊं मंडल के अंतर्गत आने वाले विधानसभा क्षेत्रों से आये 115 बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं के प्रतिभाग किया। समापन अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव दीपिका पांडे ने कहा कि उत्तराखंड में आने वाला चुनाव सिर्फ उत्तराखंड का ही नहीं है, बल्कि यह चुनाव देश की दिशा और दशा तय करेगा। इसलिए कांग्रेसजनों की यह विशेष जिम्मेदारी है कि वे संविधान की मूल भावना की रक्षा के लिए आगे आएं। कांग्रेस ने देश की आजादी के लिए बलिदान दिया है। इसलिए हमारी नैतिक जिम्मेदारी है कि हम देश को बचाने के लिए संघर्ष का नेतृत्व करें। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव प्रकाश जोशी ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे विपक्षी दलों के झूठ और फरेब को ध्वस्त करने के लिए जनता के बीच वैचारिक परिचर्चाओं का आयोजन करें। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल, लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से नेहरू, गांधी से लेकर, देश के संविधान के प्रति समाज में जहर घोल रहे हैं। उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट ने कहा कि कांग्रेस ने पिछले 60 साल में, एक गरीब मुल्क को एक सशक्त देश में बदल दिया था और यह बात किसी से छुपी नहीं है। कांग्रेस प्रशिक्षण विभाग के प्रमुख विजय सारस्वत ने कहा कि इस प्रशिक्षण से प्रशिक्षित कार्यकर्ता प्रशिक्षण के अलग चरण में जाने के लिए तैयार रहें। अगले कुछ महीने पूरे राज्य में पार्टी को बूथ स्तर पर इस प्रकार के प्रशिक्षण लगातार आयोजित करने हैं। प्रशिक्षण विभाग की संयोजक इंदु मान ने बताया कि पार्टी अक्टूबर महीने के अंतिम सप्ताह से दूसरे चरण के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेगी।

