हरकी पैड़ी पर कई संगठनों ने चलाया स्वच्छता अभियान, गंगा को पवित्र बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की
हरिद्वार । हरकी पैड़ी और आसपास के गंगा घाटों पर नेहरू युवा केंद्र संगठन युवा कार्यक्रम खेल मंत्रालय के कार्यकारी निदेशक और अधिकारियों के साथ कई संगठनों ने स्वच्छता अभियान चलाया। स्वच्छता के प्रति यात्रियों को जागरूक करते हुए गंगा को पवित्र बनाए रखने में सहयोग करने की अपील भी की। नेहरू युवा केंद्र संगठन युवा कार्यक्रम खेल मंत्रालय के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल अरुण सिंह, राज्य निदेशक उमेश साहनी, जिला युवा अधिकारी हिमांशु सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी व पूर्व राज्य निदेशक अनिल कौशिक समेत विभिन्न युवा मंडलों की ओर से हरकी पैड़ी पर स्वच्छता अभियान चलाते हुए 127 किलो प्लास्टिक को एकत्रित कर निस्तारण किया गया। लेफ्टिनेंट कर्नल अरुण कुमार सिंह ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के इस मिशन में आम जनमानस को जोड़कर ही हम महात्मा गांधी के नेहरू और स्वामी विवेकानंद के सपनों का भारत बना सकते हैं। राज्य निदेशक उमेश साहनी ने युवा मंडल एनएसएस, युवक मंगल दल समेत सभी स्वयंसेवी संस्थाओं, देश के नागरिकों, पुलिस और समाज के विभिन्न वर्गों से अभियान से जुड़कर इसे सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस अभियान को 31 अक्तूबर के बाद भी चलाया जाए। जिला युवा अधिकारी हिमांशु सिंह ने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के स्वच्छता अभियान आयोजित किए जाते रहेंगे।

