पुलिस ने अपहरण कर फिरौती मांगने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़, महिला समेत चार युवक गिरफ्तार, आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन भी बरामद किए
रुड़की । पिरान कलियर पुलिस ने अपहरण कर फिरौती मांगने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। साथ ही महिला समेत चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने योजना बनाकर मुफ्फरनगर निवासी एक व्यक्ति को अपने चंगुल में फंसाया और तय योजना के मुताबिक उसके परिजनों से फिरौती की मांग की। पीड़ित परिजनों ने पुलिस से गुहार लगाई तो पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ।दरअसल, रुड़की की गंगनहर कोतवाली में घटना का पर्दाफाश करते हुए एसपी देहात पमेंद्र सिंह डोभाल ने बताया कि करीब तीन दिन पहले मुजफ्फरनगर निवासी अब्दुल जब्बार पिरान कलियर आया था और वापस अपने घर नहीं लौटा। जब्बार के मोबाइल फोन से उसके स्वजनों को काल आई और जब्बार के अपहरण की जानकारी देते हुए दो लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई। पैसे न देने के एवज में दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने और अंजाम भुगतने की धमकी भी दी गई ।अपहरण और फिरौती की खबर सुन स्वजन खौफजदा हो गए और कलियर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए योजना बनाई और स्वजनों को रकम देने की बात कही। इसके बाद फोन नम्बरों को ट्रेस किया गया और आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने एक महिला समेत नईम पुत्र नसीम निवासी बेलड़ा, समीर पुत्र सुल्तान निवासी रुड़की, आमिर पुत्र नसीम अहमद निवासी ग्राम बेलड़ा और आशिफ पुत्र फरहत निवासी महमूदपुर को गिरफ्तार किया है, साथ ही जब्बार को सकुशल बरामद कर लिया। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन भी बरामद हुए है।





























