गंगनहर कोतवाली पुलिस ने किया मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार सदस्य गिरफ्तार, चोरी की गई सात मोटरसाइकिलें बरामद
रुड़की । गंगनहर कोतवाली पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने मोटरसाइकिल चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनकी निशानदेही पर चोरी की सात मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। पुलिस ने आरोपितों से पूछताछ कर उन्हें जेल भेज दिया है।गंगनहर कोतवाली में घटना का खुलासा करते हुए एसपी देहात पमेंद्र सिंह डोभाल ने बताया कि दो दिन पहले रुड़की निवासी इमरान पुत्र हनीफ और लक्सर निवासी प्रवीण कुमार पुत्र गजे सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि किसी अज्ञात चोर ने उनकी मोटरसाइकिल चोरी कर ली। इस पर पुलिस ने मामलों में मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू की। चोरों की गिरफ्तारी के लिए मुखबिरों को काम पर लगाया गया। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने माधोपुर मार्ग से चार व्यक्ति को दो मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया। सख्ती से पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने ही मोटरसाइकिल चोरी और अन्य चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर पांच चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की।पुलिस के मुताबिक आरोपितों ने बताया कि उन्होंने कलियर मेले के दौरान भी बाइकें चोरी की थी। आरोपित सद्दाम पुत्र लोवान निवासी सहारनपुर, साजिद पुत्र इकलाख, गुलशन पुत्र राकेश, कलीम पुत्र मुस्तकीम निवासी रुड़की को गिरफ्तार किया है, जबकि वाजिद पुत्र इखलाक निवासी रुड़की अभी फरार है। उनकी तलाश जारी है।

