आध्यात्मिक ज्ञान से प्रेरित थी आजादी की लड़ाई: ओम बिरला, अवधेशानंद के जीवन पर आधारित पुस्तक ‘तप एवं तपस्या’ का विमोचन

हरिद्वार। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि देश के क्रांतिकारियों ने आजादी के लिए जो लड़ाई लड़ी, वह आध्यात्मिक ज्ञान से प्रेरित थी। फांसी पर लटके लोगों के हाथ में गीता थी। आजादी के बाद से संतों ने देश को नई दिशा दी है। दुनिया में सनातन संस्कृति परंपरा श्रेष्ठ परंपरा है। इस परंपरा से लोगों के मन को शांति और ज्ञान मिलता है। ये बातें उन्होंने कनखल स्थित हरिहर आश्रम में रविवार को आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि के जीवन पर आधारित पुस्तक ‘तप और तपस्या के विमोचन कार्यक्रम में कहीं।लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि जब भी मौका मिलता है, वह हरिद्वार आते हैं। स्वामी अवधेशानंद गिरि भारतीय आध्यात्मिक ज्ञान, संस्कृति को दुनिया में पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। लोगों को दिशा दिखाकर जीवन को परिवर्तन कर रहे हैं और समाज को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। स्वामी अवधेशानंद गिरि के जीवन पर लिखी पुस्तक नई पीढ़ी को नई प्रेरणा देगी।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस पुस्तक से लोगों को जीवन के अनेक आयामों से सीखने को मिलेगा। देश और समाज के लिए स्वामी अवधेशानंद ने अभूतपूर्व कार्य किए हैं। धामी ने कहा कि उत्तराखंड चुनाव के दौरान कुछ लोगों को गलतफहमी हो गई थी कि भाजपा की सरकार जाने वाली है। भाजपा ने इस बार उत्तराखंड चुनाव में जीत दर्ज कर नया इतिहास बनाया है। स्वामी अवधेशानंद गिरि को भी विश्वास था कि इस बार उत्तराखंड में भाजपा की सरकार बनेगी। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने उत्तराखंड में इतिहास बनाया है।कार्यक्रम के दौरान सांसद डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद महेश शर्मा, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल, भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक ने भी किताब के विमोचन पर स्वामी अवधेशानंद को शुभकामनाएं दीं। समापन पर स्वामी अवधेशानंद गिरी ने कहा कि पूरे देश में सामान नागरिकता कानून लागू होना चाहिए। कार्यक्रम में अवधेशानंद गिरि ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को संतों का आशीर्वाद भी दिलाया। पुस्तक के विमोचन के दौरान विधायक प्रदीप बत्रा, पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, संजय गुप्ता, कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *