मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा को अवार्ड एवं तिरंगा प्रदान किया गया

हरिद्वार। उत्तराखंड पर्यटन विभाग द्वारा वर्ष 2021 के “वेस्ट मैनेजमेंट अवार्ड” की घोषणा की गयी। अन्य श्रेणियों के अलावा शहरी निकायों में शिवालिक नगर नगर पालिका को पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा को अवार्ड एवं तिरंगा प्रदान किया गया। प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त होने पर नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि यह निश्चित ही हमारी नगर पालिका के लिए सम्मान व गर्व का विषय है 2021 के स्वच्छ सर्वेक्षण में जहां हमने राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किया वहीं 2021 के लिए ही प्रदेश में विशेष कैटेगरी के लिए कराए गए सर्वेक्षण में पर्यटन विभाग की विशेष ज्यूरी ने, वेस्ट मैनेजमेंट में शिवालिक नगर नगर पालिका को दूसरा स्थान दिया है। राजीव शर्मा ने कहा कि यह पुरस्कार नगर पालिका वासियों के सम्मान के साथ ही स्वच्छ भारत अभियान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को अपने क्षेत्र में पूरा करने के हमारे प्रयासों का प्रमाणिकरण भी है। पुरस्कार व सम्मान हमेशा ही और बेहतर करने के लिए हमें प्रेरित करता है। राजीव शर्मा ने कहा कि इस वर्ष के अंत तक पूरे नगर पालिका क्षेत्र की साफ-सफाई(स्वच्छता), उच्च स्तर तक ले जाने के लिए हम संकल्पित हैं। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि एक वर्ष के अंदर-अंदर हम सभी चौराहों/तिराहों के सौन्दर्यकरण के साथ ही पूरे नगर पालिका को प्रकाश से आच्छादित करेंगे। राजीव शर्मा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी , पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज तथा उत्तराखंड पर्यटन विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निश्चित ही स्वच्छता को लेकर स्वस्थ प्रतियोगिताएं व प्रतिस्पर्धा क्षेत्रों को सुंदर, विकसित एवं हरा-भरा करने को प्रेरित करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *