फूलगढ़-शिवगढ़ कच्ची शराब कांड का तीसरा इनामी आरोपी मेरठ से गिरफ्तार

हरिद्वार । फूलगढ़-शिवगढ़ कच्ची शराब कांड में फरार चल रहे तीसरे आरोपी दस हजार के इनामी नरेश को एसआईटी ने मेरठ से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर कच्ची शराब के लिए इस्तेमाल हुई खाली कैन बरामद की गई है। एसआईटी ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मुख्य आरोपी विजेंद्र एवं उसकी पत्नी ग्राम प्रधान चुनी गई बबली देवी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पिछले महीने दस सितंबर को गांव फूलगढ़-शिवगढ़ में कच्ची शराब से 12 ग्रामीणों की मौत हो गई थी। घटना से जिला प्रशासन-पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। आनन फानन में जिला प्रशासन, पुलिस महकमे ने गांव में डेरा डाल लिया था। घटना के दिन ही पुलिस ने कच्ची शराब परोसने के मुख्य आरोपी ग्राम प्रधान पद की प्रत्याशी बबली देवी के पति विजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया था, जिसकी निशानदेही पर खेत में छिपाकर रखी गई कच्ची शराब की खेप बरामद कर ली थी। मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी गई थी।पंचायत चुनाव के परिणाम सामने आने पर प्रधान पद की प्रत्याशी रही बबली देवी के चुनाव जीतने के बाद एसआईटी ने उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था लेकिन तीसरा आरोपी उसका देवर नरेश फरार होने में कामयाब रहा था।आरोपी के हत्थे न चढ़ने पर पुलिस महकमे ने उस पर दस हजार का इनाम घोषित कर दिया था। एसआईटी ने मुखबिर की सूचना पर मवाना मेरठ यूपी से फरार चल रहे आरोपी नरेश को गिरफ्तार कर लिया, जिसे यहां लाया गया। उसकी निशानदेही पर गांव से कच्ची शराब के लिए इस्तेमाल की गई कैन बरामद कर ली गई। पुलिस टीम में एसआईटी निरीक्षक पृथ्वी सिंह, एसओ पथरी पवन डिमरी शामिल रहे। एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *