शिवमंदिर में पुजारी से हुई लूटपाट की वारदात का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई रकम एवं असलहा, कारतूस बरामद

हरिद्वार । पथरी क्षेत्र के गांव कटारपुर के शिवमंदिर में पुजारी से हुई लूटपाट की वारदात का खुलासा करते हुए पथरी पुलिस ने तीन आरोपियों को धर दबोचा। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम एवं असलहा, कारतूस बरामद हुए हैं। मायापुर चौकी कैंपस में पत्रकारों को जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि 15 नवंबर को गांव कटारपुर में शिव मंदिर में घुसकर पुजारी ओमपुरी को बंधक बनाकर पिटाई कर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। पुजारी के कब्जे से करीब एक लाख की रकम लेकर आरोपी फरार हो गए थे। अगले दिन पुजारी ने इस संबंध में पुलिस को सूचना दी थी।
बताया कि पथरी पुलिस टीम ने लूट की वारदात में शामिल रहे आरोपी दिनेश पुत्र राम स्वरुप निवासी फेरुपुर, आकाश पुत्र तेलूराम एवं संजीव उर्फ संजू पुत्र मांगेराम निवासीगण गांव विशनपुर को पकड़ लिया। जिनके कब्जे से लूट गई रकम में से 64 हजार की रकम बरामद की गई है। एसएसपी ने बताया कि आरोपी चार पांच दिन दिन से प्लम्बर बनकर शिवमंदिर में काम के मकसद से आ जा रहे थे। लगातार आवाजाही के दौरान मंदिर कैंपस की पूरी रैकी कर ली थी, जिसके बाद लूट की वारदात को अंजाम दिया। बताया कि आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, चार कारतूस, लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। इस दौरान एसपी देहात एसके सिंह, एएसपी रेखा यादव, सीओ ऑपरेशन निहारिका सिंह, एसओ पथरी पवन डिमरी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *