सैनिकों की पत्नी पर अशोभनीय दृश्य फिल्माने के विरोध में अंतरराष्ट्रीय हिन्दू महासभा का गुस्सा, निर्माता एकता कपूर के खिलाफ दी तहरीर
रुड़की । अंतरराष्ट्रीय हिन्दू महासभा के पदाधिकारियों ने सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर पुलिस को एक तहरीर दी है। जिसमें उन्होंने फिल्म निर्माता एकता कपूर पर भारतीय सेना के जवानों की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया है। रविवार को अंतरराष्ट्रीय हिन्दू महासभा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज त्यागी के नेतृत्व में अवनीश कौशिक, अजय गौतम, अविनाश शर्मा, गौरव त्यागी, जसवीर सिंह आदि सिविल लाइंस कोतवाली में पहुंचे। यहां पर उन्होंने एक तहरीर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश साह को दी। उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माता एकता कपूर ने अपनी वेब सीरीज पर भारतीय सेना का अपमान किया है। ऐसे में उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो महासभा सड़कों पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करेगी।



