“एक राष्ट्र, एक चुनाव” पर विचार-विमर्श हेतु रुड़की में हुई बैठक

रुड़की। “एक राष्ट्र, एक चुनाव” विषय पर बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें उत्तराखंड सरकार में राज्य मंत्री रमेश गड़िया एवं रुड़की नगर निगम मेयर अनीता देवी अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

बैठक का आयोजन स्थानीय नगर निगम भवन में किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों, शिक्षाविदों और बुद्धिजीवियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश गिरी ने की, जबकि संचालन दीपक पांडे द्वारा किया गया।
मुख्य वक्ता राज्य मंत्री रमेश गड़िया ने अपने संबोधन में कहा कि “एक राष्ट्र, एक चुनाव” का विचार देश को स्थिरता, पारदर्शिता और कुशल शासन देने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव होने से न केवल राजकोष पर भार पड़ता है, बल्कि विकास कार्यों में भी बाधा आती है। अगर देश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराए जाएं, तो न केवल समय और धन की बचत होगी, बल्कि प्रशासनिक कार्यों में भी निरंतरता बनी रहेगी।
मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की यह दूरदर्शी पहल देश को एक नई दिशा देने वाली है। उन्होंने कहा कि इससे शासन प्रणाली में स्थायित्व आएगा और देश भर में नीति निर्माण और उनके क्रियान्वयन में समरूपता सुनिश्चित होगी। उन्होंने यह भी बताया कि भाजपा कार्यकर्ता आम जनता के बीच जाकर इस विषय पर जन-जागरूकता अभियान चलाएंगे।
बैठक में उपस्थित राकेश गिरी और भाजपा नेता ललित मोहन अग्रवाल ने इस प्रस्ताव के विभिन्न पहलुओं पर भी विचार-विमर्श किया, जिसमें संवैधानिक संशोधनों की आवश्यकता, क्षेत्रीय दलों की भूमिका, और चुनाव आयोग की तैयारी जैसे मुद्दे शामिल थे। सभी ने सहमति व्यक्त की कि यह कदम तभी संभव हो सकेगा जब इसमें सभी राजनीतिक दलों का सहयोग और आम जनता की समझदारी शामिल हो।
बैठक के अंत में एक प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें “एक राष्ट्र, एक चुनाव” की अवधारणा को समर्थन देने और इसे साकार करने के लिए समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील की गई। यह भी निर्णय लिया गया कि इस विषय पर भविष्य में और भी संवाद-सत्रों एवं जनसभाओं का आयोजन किया जाएगा।
यह बैठक “एक राष्ट्र, एक चुनाव” की दिशा में एक सार्थक पहल रही, जिसने रुड़की के नागरिकों को इस महत्त्वपूर्ण विषय पर सोचने और अपनी राय बनाने का अवसर प्रदान किया।
बैठक में भाग लेने वालों में पंकज नंदा, विकास प्रजापति, एड दीपक भारद्वाज, नितिन त्यागी, एड संदीप यादव, एड प्रिंस गोस्वामी, नवीन पंत, अनुराग त्यागी, संजीव शर्मा, नवनीत शर्मा , सरदार सतवीर, मनोज कुमार आदि भाजपा पदाधिकारी गण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share