उत्तराखंड में कोरोना की रफ्तार पर लगा ब्रेक, गुरुवार को आए 7 नए मामले, 48 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौटे
देहरादून । उत्तराखंड में कोरोना की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। गुरुवार को राज्य में सात नए मामले आए, जबकि इन मामलों के करीब सात गुना 48 मरीज स्वस्थ हुए हैं। अच्छी बात यह है कि राज्य में सक्रिय मामले अब घटकर 200 से नीचे आ गए हैं। फिलवक्त राज्य में कोरोना के 167 सक्रिय मामले हैं। चंपावत में कोरोना का कोई सक्रिय मामला नहीं है, जबकि देहरादून में सबसे अधिक 102 सक्रिय मामले हैं। वहीं, आठ जनपद में सक्रिय मामले दस से कम हैं। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बीते 24 घंटे में निजी और सरकारी लैब से 14 हजार 957 सैंपल की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इनमें से 14 हजार 950 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। रुद्रप्रयाग और टिहरी में दो-दो लोग कोरोना संक्रमित मिले। देहरादून, नैनीताल व ऊधमसिंह नगर में एक-एक व्यक्ति पाजिटिव मिला है। अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, हरिद्वार, पौड़ी, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी में कोरोना का कोई नया मामला नहीं आया है।

