आबकारी टीम ने छापेमारी कर पकड़ी प्रधान पद के प्रत्याशी की शराब, खुलेआम बांटी जा रही थी शराब
हरिद्वार । आबकारी विभाग की टीम ने गांव दीनारपुर में एक खेत में एक भट्ठी पर कार्रवाई करते हुए करीब पांच सौ कुंतल लाहन नष्ट करते हुए साठ लीटर शराब बरामद की है। घटनास्थल से आरोपी फरार होने में कामयाब रहे। जिला आबकारी अधिकारी प्रभाशंकर मिश्रा के निर्देश पर पूरे जिले में कच्ची एवं अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को आबकारी विभाग के निरीक्षक संजय रावत की अगुवाई में टीम ने गांव दीनारपुर के एक खेत में छापा मारा। टीम के पहुंचने से पहले ही शराब बना रहे आरोपी फरार होने में कामयाब रहे। मौके से भारी मात्रा में लाहन एवं कच्ची शराब बरामद हुई।जिला आबकारी अधिकारी प्रभाशंकर मिश्रा ने बताया कि मौके से मिले लाहन को नष्ट करते हुए शराब रिकवर कर ली गई है। आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रहे है। उधर, आबकारी टीम ने सिडकुल से सटे गांव रावली महदूद में एक घर में छापा मारकर चार पेटी देसी शराब की बरामद कर ली। बरामद की गई शराब एक प्रधान पद प्रत्याशी की बताई जा रही है। इस संबंध में आबकारी विभाग की टीम जांच में जुटी है। आबकारी निरीक्षक संजय रावत ने बताया कि आरोपी की घर के बाहर ही दुकान है, जहां से वह शराब बांट रहा था। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर रहे है।



