हरिद्वार महोत्सव की तैयारियों को लेकर डीएम ने अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक, महोत्सव की समितियों का गठन तीन दिनों में करने के दिए निर्देश
हरिद्वार । डीएम विनय शंकर पांडेय ने हरिद्वार महोत्सव की समितियों का गठन तीन दिनों में करने के निर्देश दिए है। पांच से 10 दिसंबर के बीच ऋषिकुल मैदान में आयोजित होने वाले हरिद्वार महोत्सव की तैयारियों को लेकर बुधवार को डीएम ने कैंप कार्यालय पर अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। डीएम ने बैठक में हरिद्वार महोत्सव में अधिकारियों की जिम्मेदारी, अनुमानित बजट और व्यवस्था के सम्बन्ध में चर्चा की। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सर्वप्रथम हरिद्वार महोत्सव के आयोजन के लिये गठित होने वाली विभिन्न समितियों का गठन तीन दिन के भीतर कर लिया जाए। उन्होंने ये भी निर्देश दिये कि प्रस्तावित हरिद्वार महोत्सव स्थल-ऋषिकुल मैदान में मंच एवं स्टालों के निर्माण तथा पूरे क्षेत्र की लाइटिंग व्यवस्था आदि में कितना अनुमानित खर्च आयेगा, इसके सम्बन्ध में भी दो दिन के भीतर रिपोर्ट देना सुनिश्चित करें। हरिद्वार महोत्सव के नाम से एक व्हाट्स ग्रुप भी बना लिया जाये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुये हरिद्वार महोत्सव के आयोजन में जुट जायें। इस अवसर पर सीडीओ प्रतीक जैन, एडीएम वित्त एवं राजस्व बीर सिंह बुदियाल, एडीएम प्रशासन पीएल शाह, सचिव एचआरडीए उत्तम सिंह चौहान, सिटी मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार सिंह, एसडीएम पूरण सिंह राणा, एमएनए दयानन्द सरस्वती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुमार खगेन्द्र, लीड बैंक मैनेजर संजय सन्त, सचिव रेडक्रास डॉ. नरेश चौधरी, आरएम सिडकुल गिरधर रावत, मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराणी, मुख्य शिक्षा अधिकारी केके गुप्ता आदि मौजूद थे।



